जीएवी पब्लिक स्कूल, कांगड़ा के नौनिहालों ने लिया रेल यात्रा का आनंद

  उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

जीएवी पब्लिक स्कूल, कांगड़ा के कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने सोमवार को रोमांचक रेल यात्रा का आनंद लिया। विद्यालय की ओर से आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण में बच्चे स्कूल बसों से ज्वालामुखी रोड (रानीताल) रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने ट्रेन द्वारा कांगड़ा मंदिर रेलवे स्टेशन तक यात्रा की।

यात्रा के दौरान जैसे ही ट्रेन सुरंगों से होकर गुजरी, बच्चों की खुशी और उत्साह देखते ही बनता था। कांगड़ा घाटी के मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के बीच नन्हे विद्यार्थियों ने रेल सफर का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश शर्मा, शारीरिक शिक्षा अध्यापक तथा कक्षा अध्यापक विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे और पूरे भ्रमण के दौरान उनका मार्गदर्शन किया।

प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश शर्मा ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं।

Please share your thoughts...