सेवा संकल्प अभियान के तहत मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान और पौधारोपण

जमानाबाद में ग्रामीणों के साथ भाजपा नेता वीरेंद्र चौधरी ने चलाया स्वच्छता अभियान, करीब 50 पौधे रोपे

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र चौधरी ने जमाना बाद में स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर में करीब 50 पौधे लगाए गए। इनमें आंवला, बेल, जामुन सहित विभिन्न औषधीय एवं फलदार पौधों के अलावा फूलों के पौधे भी शामिल रहे। ग्रामीणों ने पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाजसेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर दिलबाग, देवेंद्र चौधरी, सुरेंद्र, मुल्क राज, गोरी राम, स्वर्ण देवी, इंदु बाला, सपना देवी, नेहा चौधरी, रितु देवी, लवनीश चौधरी, अभिषेक, जीवन, सुभाष चौधरी, रमेश चंद्र वर्मा, अजय रोडिया, कशिश सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।