सीएम सुक्खू गिन रहे समोसे तो मोदी देश का कर रहे हैं विकास

उज्ज्वल हिमाचल। मंडी

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए मंडी में आयोजित एक प्रेसवार्ता में कहा कि सीएम सुक्खू जहां सिर्फ समोसे गिनने में व्यस्त हैं वहीं पीएम मोदी देश के विकास कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बजट 2025-26 को गेम चेंजर बनाकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का रोडमैप तैयार किया है। यह बजट गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के उत्थान का बजट है, जो देश को तेजी से आगे ले जाने में मदद करेगा। तरुण चुग ने कहा कि पहाड़ का पानी और जवानी का प्रदेश के लिए काम में नहीं आती थी। पहाड़ों का पानी जब चलता है तो इसका उपयोग मैदानी इलाकों में लाया जाता है। वहीं पहाड़ की जवानी नौकरी करने के लिए बाहर के राज्यों में चली जाती है। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने जनता से किए वायदे को पूरा करते हुए पहाड़ी की जवानी और पानी देवभूमि के काम आने के लिए कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सात करोड़ घर बनाने का लक्ष्य है, जिसमें तीन करोड़ बन चुके हैं और चार करोड़ पर काम जारी है। आयुष्मान भारत योजना में बुजुर्गों को 5 लाख रुपये का टॉप-अप कवर देने की घोषणा की गई है, जिससे 55 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए नई शिक्षा नीति, खेलो इंडिया, 50 हजार अटल टिंकरिंग लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं। आईआईटी में 6500 नई सीटें बढ़ाई गई हैं, वहीं एआई को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रविधान किया गया है। किसानों के लिए भी सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा को तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपए कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत 10 करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी। सरकार ने मखाना बोर्ड के गठन की भी घोषणा की है। तरुण चुग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी इस बजट से विशेष लाभ मिलेगा। भाजपा सरकार में 2014 से 2024 तक राज्य को 54 हजार करोड़ रुपए का टैक्स अनुदान मिला है, जबकि कांग्रेस सरकार के समय केवल 12639 करोड़ रुपए मिले थे। मोदी सरकार ने हिमाचल को तीन गुना अधिक ग्रांट दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मंदिरों का विकास कर रही है, जबकि कांग्रेस मंदिरों के पैसे पर नजर गड़ाए बैठी है। उन्होंने दावा किया कि 2047 तक भारत पूरी तरह से विकसित राष्ट्र बन जाएगा।

संवाददाता : उमेश भारद्वाज।