25 करोड़ की लागत से बना पुल, CM ने किया जनता को समर्पित

CM will dedicate the bridge built at a cost of 25 crores to the public
मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बन रहे पुल से पर्यटन को चार चांद लगेंगे। पुल द्रंग व सराज विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ेगा।

मंडीः प्रदेश सरकार द्वारा सराज विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को एक बड़ी सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है। नेशनल हाईवे-21 चंडीगढ़-मनाली पर स्थित हणोगी से सराज क्षेत्र के खोलानाल के लिए बनाए गए 25 करोड़ की लगात से निर्मित केबल अधारित हणोगी पुल को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा जनता को समर्पित कर दिया गया है। बता दें कि जिला मंडी के हणोगी-खोलानाल के बीच ब्यास नदी पर निर्मित केबल आधारित स्पैन ब्रिज सराज विधानसभा क्षेत्र के लिए लाईफ लाईन के तौर पर कार्य करेगा। हणोगी-खोलानाल पुल पर एक तरफ स्टे केबल लगी हैं यानी यह पुल ब्यास नदी पर हवा में होगा जो पर्यटकों को भी लुभाएगा। मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बन रहे पुल से पर्यटन को चार चांद लगेंगे। पुल द्रंग व सराज विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ेगा।

इस पुल से सराज हलके की खोलानाल, कशौड, नलबागी, कूण व खारी पंचायत की करीब 25 हजार जनता लाभान्वित होगी। मंडी में मीडिया से अनऔपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हणोगी से दूसरे छोर पर स्थित सराज विधानसभा के क्षेत्र को जाने के लिए गाड़ी छोड़नी पड़ती है। इसके उपरांत इस क्षेत्र का दौरा करने के लिए पैदल ही जाना पड़ता था। इस जगह पर पुल के निर्माण को लेकर पहले भी अधिकारियों से बातचीत की गई थी, और विधायक प्राथमिकता में भी इसके निर्माण को रखा गया था। लेकिन इस पुल के निर्माण को लेकर टेंडर नहीं लग पाया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही इस पुल को बनाने के लिए त्वरित काम करते हुए 2018 में शिलान्यास कर 2022 में जनता को समर्पित कर दिया गया है। पुल बनने से क्षेत्र की जनता को चार घंटे पैदल व तीन घंटे वाहन के सफर से निजात मिलेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस पुल से अधिक लागत के कई पुल बने हैं। लेकिन प्रदेश के इतिहास में केबल आधारित तकनीक से हणोगी पुल सूबे का पहला पुल है। इस पुल पर वाहनों की आवाजाही के लिए डबल लेन सड़क है।

संवाददाताः उमेश भारद्वाज।

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।