घलोथर माता के दरबार में नतमस्तक हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू ने पंचायत पलेरा स्थित प्रसिद्ध घलोथर माता मंदिर में आयोजित विशाल भंडारे में भाग लेकर माता के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्री दुलो राम ठाकुर का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

चंगर क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित घलोथर माता मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर में आयोजित भंडारे में पूरे चंगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से किसानों, माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हजारों की संख्या में पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्ति और श्रद्धा से सराबोर माहौल में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू ने कहा कि माता की कृपा और क्षेत्रवासियों के सहयोग से मंदिर तक सड़क, पेयजल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य सफलतापूर्वक किया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर को जोड़ने वाली सड़क की डीपीआर तैयार कर मुख्यमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत भेजी जा चुकी है। वन विभाग से आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद सड़क को पक्का करने की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्र में एक लाख लीटर क्षमता का पेयजल टैंक स्थापित किया जा चुका है। इसके साथ ही एक विशाल सराय का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। वन विभाग के कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है।

पूर्व विधायक ने कहा कि ढाका, पलेरा पंचायत और समूचे चंगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और माता के आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास की नई योजनाएं साकार होंगी तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।