उज्ज्वल हिमाचल । पालमपुर
पालमपुर के विकास पर भाजपा नेता त्रिलोक कपूर और विधायक आशीष बुटेल के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। पालमपुर का विकास कांग्रेस की देन है और रहेगा। यह बात पत्रकार वार्ता के दौरान आशीष बुटेल ने कही। उन्होंने त्रिलोक कपूर पर गलत तथ्य और आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि ने कहा कि पालमपुर में चारों ओर विकास के कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। इनमें कई सडक़ों के निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नगरी चचिया उप तहसील की त्रिलोक कपुर बात कर रहे हैं, वह भाजपा सरकार के समय में सिर्फ और सिर्फ वोट हटाने के लिए खोली गई थी।
उन्होंने कहा कि पालमपुर का समग्र विकास कांग्रेस की देन है और भविष्य में भी कांग्रेस ही इस विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने त्रलोक कपूर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा नेता त्रिलोक कपूर तथ्यों और आंकड़ों को तोड़-मरोड़ कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पालमपुर में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। कई महत्वपूर्ण सडक़ों का निर्माण कार्य संपन्न हो चुका है और अन्य परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
बुटेल ने कहा कि त्रिलोक कपूर द्वारा नगरी चचियां उप-तहसील और घाटी में गौ सदन पर अस्पताल भवन के उद्घाटन को लेकर किए गए दावों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह दोनों योजनाएं भाजपा सरकार द्वारा केवल चुनावी लाभ के उद्देश्य से शुरू की गई थीं। इन स्थानों पर उस समय कोई भी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं थी। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद इन योजनाओं को पुन: व्यवस्थित किया गया, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं और विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया गया। विधायक बुटेल ने कहा कि भाजपा नेता न जाने कहां से भ्रामक और गलत तथ्य जुटाकर जनता के सामने ला रहे हैं, जिससे उनकी खुद की साख प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आज विकास की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रही है और भाजपा नेताओं को यदि कहीं कोई कमी नजऱ आती है, तो उन्हें राजनीतिक मंच पर बयानबाजी की बजाय संवाद कर समाधान के लिए पहल करनी चाहिए।





