मुख्यमंत्री सुक्खू कर रहे हैं क्वालिटी एजुकेशन पर फोकस : देवेंद्र जग्गी

धर्मशाला के कई स्कूलों में बनाए गए हैं स्मार्ट क्लास रूम

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

हिमाचल की कांग्रेस सरकार प्रदेश में क्वालिटी एजुकेशन पर फोकस कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर खाली पदों को भरा जा रहा है। यह बात कांग्रेस महासचिव व धर्मशाला नगर निगम के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने कही। देवेंद्र जग्गी शुक्रवार को धर्मशाला के प्रसिद्ध गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ब्लाक लेवल के बाल मेले के समापन पर संबोधित कर रहे थे। इस दौरान देवेंद्र जग्गी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के छह हजार से ज्यादा पदों को भरा जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर धर्मशाला हलके में तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि धर्मशाला के कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम बनाए गए हैं।

नगर निगम एरिया के अलावा सभी 28 पंचायतों में खेल मैदानों का काम प्रोग्रेस पर है। ढगवार में मिल्क प्लांट का काम तेजी से चल रहा है। निचले सकोह में आइस व रोलर स्केटिंग रिंक बनाया जाएगा। कई कूहलों को बजट मंजूर करवाया गया है। देवेंद्र जग्गी ने मेले में धर्मशाला शिक्षा ब्लॉक के सभी स्कूलों के छात्र-छात्राओं से बात की। उन्होंने स्कूल कैंपस में विभिन्न स्टाल लगा कर अपनी कला व कुशलता का प्रदर्शन करने वाले छात्रों की खूब सराहना की। कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए तथा बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 21 हजार रुपए की राशि भी स्वीकृत की।

बच्चों की कुशलता को सराहा

देवेंद्र जग्गी ने अपने संबोधन में बच्चों की कुशलता को सराहा तथा उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अन्य सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आपसी मेल जोल को बढ़ाबा देते हैं तथा भविष्य में उनके लिए प्रेरणादायक सिद्ध होते हैं। इस समारोह में उनके साथ राजकीय कन्या विद्यालय की प्रिंसीपल ममता ठाकुर तथा अन्य स्टाफ, ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के आए अध्यापकगण के साथ धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष हरभजन चौधरी, पार्षद राजीव महाजन, पार्षद अनुराग कुमार, पार्षद संजीव शर्मा, नरघोटा के बलवंत सिंह राणा आदि गणमान्य मौजूद रहे।

मुझे सीधे फोन पर समस्या बताएं

देवेंद्र जग्गी ने कहा कि जनता सीधे उनसे फोन पर बात कर सकती है। वह हर फोन अटैंड करते हैं। उन्होंने सर्दियों में बिजली, पानी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए जलशक्ति विभाग व बिजली बोर्ड केा तत्पर रहने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों से भी आग्रह किया है कि वे जनता के फोन अटैंड करें।

ब्यूरो रिपोर्ट धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें