घुमारवीं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका PM का पुतला

Congress workers burnt PM's effigy in Ghumarwin

उज्जवल हिमाचल। बिलासपुर

राहुल गांधी के समर्थन में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सड़कों पर उतर गई है। बिलासपुर जिला के घुमारवीं में आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रोष रैली और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का पुतला भी फूंका। यह प्रदर्शन ब्लॉक अध्यक्ष जागीर सिंह मेहता की अध्यक्षता में किया गया है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म किए जाने के विरोध में देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। इसी कड़ी में मोदी सरकार के फैसले से नाराज चल रही कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं ने घुमारवीं में भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, इस मौके पर ब्लॉक् कांग्रेस कमेटी (Block Congress Committee) के मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पूरे देश में कांग्रेस ने सत्याग्रह रखा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता वापिस लेने से हिमाचल के एक-एक कार्यकर्ता में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि तानाशाही क्या होती है, यह सुना था। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करना तानाशाही की शुरुआत है।

यह भी पढ़ेंः भरमाड़ इलेवन टीम ने जीता मैच

वहीं ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष जागीर सिंह मेहता ने कहा कि सोची-समझी साजिश के तहत राहुल गांधी को प्रताड़ित करने की कोशिश केंद्र सरकार द्वारा की जा रही है, लेकिन सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से केंद्र सरकार घबरा गई है क्योंकि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को अपार सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी (Congress party) व युवा कांग्रेस राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इस से पहले कांग्रेस के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यलय से लेकर गांधी चौक तक जुलूस निकाला तथा राहुल गांधी के पक्ष में तथा केंद्र सरकार के विरोध में जोरदार नारेबाजी की।

संवाददाताः सुरेंद्र जम्वाल

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।