उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी द्वारा दिग्गज कांर्ग्रेस नेत्री व वायनाड़ से सांसद प्रियंका गांधी के खिलाफ टिप्पणी पर देश भर में गुस्सा फूट रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को हिमाचल में भी कांग्रेस ने कई जगह रोष प्रदर्शन किए। प्रदेश के सबसे बड़े जिला के मुख्यालय धर्मशाला में समस्त कांग्रेस के पदाधिकारी जुटे और उन्होंने एसपी कांगड़ा शालिनी अग्रिहोत्री को ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। इस दौरान कांगड़ा चंबा के कांग्रेस प्रभारी शांतुन चौहान ने कहा कि भाजपा के नेताओं की सोच इस निम्न स्तर पर पहुंच गई है कि वे महिलाओं का आदर करना तो दूर, उनके लिए अशोभनीय शब्दों का प्रयोग कर अपनी असली मानसिकता दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता लगातार देश की बेटियों का अपमान कर रहे हैं। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश प्रियंका गांधी के साथ खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस सांसद और एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी पर भाजपा नेता रमेश विधूड़ी द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी की निंदा करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की महिला विरोधी सोच उसके नेताओं की तुच्छ शब्दावली से साफ झलकती है। इस दौरान पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह ने कहा कि रमेश बिधूड़ी के बयान से भाजपा का महिला विरोधी चेहरा सामने आ गया है।
इस दौरान सभी कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर शरारती तत्वों द्वारा हिमाचल कांग्रेस के नेताओं की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के पास कुछ कहने को नहीं है, तो वह इस तरह की हरकतें करने लगी है। भाजपा महिलाओं की हिमायती होने का ढोंग रचती है। इस अवसर पर शांतुन चौहान के साथ पूर्व ब्लाक कांग्रस अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह, पुनीत मल्ली,महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया ठाकुर, रेनू साही,सुरेश पप्पी,मलकीत सिंह,वीना शर्मा, सीमा कौण्डल,मंजीत, प्रदीप, योगेश, बॉबी गोस्वामी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।