उज्जवल हिमाचल |बिलासपुर
जिला बिलासपुर के पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान 518.4 ग्राम हेरोइन बरामद कर नशा माफिया को बड़ा झटका दिया है। यह अब तक जिले में पकड़ी गई सबसे बड़ी खेप है। जानकारी के अनुसार घुमारवीं पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब से मंडी-कुल्लू की ओर जा रही एक टैक्सी को तलाशी के लिए रोका। तलाशी में गाड़ी में सवार राहुल गुरदासपुर (पंजाब) और अभी कुमार अमृतसर (पंजाब) से 518.4 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि इस चिट्टे का बाज़ार में 25 से 30 लाख रुपये तथा अंतरास्ट्रीय स्तर पर इससे भी ज्यादा है। इतनी बड़ी खेप पकड़ने के लिए पुलिस कप्तान ने घुमारवीं पुलिस की पीठ थपथपाई है। इस बड़ी बरामदगी के बाद जिले में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार चौकसी बरत रही हैं और भविष्य में भी ऐसे अभियान और सख्ती से चलाए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि नशे से दूर रहें और अगर कहीं भी नशा तस्करी या नशे के ठिकानों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
संवाददाता सुरेंद्र जम्वाल….





