उज्ज्वल हिमाचल। पालमपुर
सी.एस.आई.आर-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान (सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी.), पालमपुर (हि. प्र.) द्वारा विकसित ट्यूलिप गार्डन आम जनता के लिए 10 फरवरी 2026 से खोल दिया गया है। इसका उद्घाटन डॉ. ओ.पी. यादव, एस.डी.एम पालमपुर, द्वारा किया गया। इस वर्ष, गार्डन में 6 आकर्षक किस्मों के 50,000 ट्यूलिप बल्ब लगाए गए हैं।
वैज्ञानिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका….
इस अवसर पर डॉ. सुदेश कुमार यादव, निदेशक सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. ने कहा कि ट्यूलिप गार्डन विज्ञान-आधारित पुष्पकृषि का एक उदाहरण है, जिसमें अनुसंधान, तकनीक, किसान सहभागिता और जनसंपर्क का परस्पर मेल है। संस्थान के ट्यूलिप गार्डन खुलने के बाद यहाँ राज्य के भीतर और बाहर से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है, जिससे वैज्ञानिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. की पहल….
सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. ने नई दिल्ली नगर परिषद (एन.डी.एम.सी) को सार्वजनिक परिदृश्य प्रदर्शन हेतु 22,000 ट्यूलिप बल्ब उपलब्ध कराए हैं, जो संस्थागत सहयोग और भारत में गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री की बढ़ती मांग को दर्शाता है। साथ ही, संस्थान ने हिमाचल प्रदेश वन विभाग को 3,000 ट्यूलिप बल्ब दिये हैं, ताकि पालमपुर स्थित सौरभ वन विहार में एक बगीचा विकसित किया जा सके।





