CSIR-IHBT पालमपुर और कृषि विभाग लेह की बड़ी पहल, लद्दाख में स्थापित हुआ विशाल लिलियम उद्यान

उज्ज्वल हिमाचल। पालमपुर

सी.एस.आई.आर.-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान, पालमपुर (हि. प्र.) ने कृषि विभाग, लेह, लद्दाख के सहयोग से लेह के चोगलमसर और स्तकना में देश का सबसे बड़ा लिलियम पुष्प उद्यान एवं पुष्प क्षेत्र स्थापित किया है। लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में फैले इन दोनों पुष्प उद्यानों में 25 लाख से अधिक उच्च-मूल्य वाले पुष्प, जिनमें लगभग 24 लाख लिलियम और 1 लाख ग्लैडियोलस शामिल हैं, लगाए गए हैं।

इन पुष्प उद्यानों का उद्घाटन आज माननीय उपराज्यपाल, लद्दाख, श्री विनय कुमार सक्सेना, द्वारा डॉ. सुदेश कुमार यादव, निदेशक, सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. की उपस्थिति में, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया। यह उद्घाटन लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्र में उच्च-मूल्यीय पुष्पकृषि तथा कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। केवल दो माह की रिकॉर्ड अवधि में विकसित की गई यह पहल भारत में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पुष्पकृषि के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस सहयोगात्मक प्रयास का उद्देश्य कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देना, किसानों की आय में वृद्धि करना तथा लद्दाख में उद्यमिता और आजीविका विकास के नए अवसर सृजित करना है।

सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. ने इन व्यापक पुष्प उद्यानों की स्थापना में अपनी पुष्पकृषि संबंधी तकनीकी विशेषज्ञता प्रदान की है। यह पहल क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण कृषि-जलवायु परिस्थितियों में उच्च-मूल्य वाले पुष्पों की खेती की संभावनाओं को प्रदर्शित करती है।

डॉ. सुदेश कुमार यादव, निदेशक, सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. ने कहा:-

“चोगलमसर और स्तकना में इन लिलियम पुष्प उद्यानों की स्थापना लद्दाख में उच्च-ऊंचाई वाली पुष्पकृषि को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कृषि विभाग, लेह के साथ सहयोग के माध्यम से हमारा उद्देश्य विज्ञान-आधारित पुष्पकृषि प्रौद्योगिकियों की क्षमता को प्रदर्शित करना है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो तथा स्थानीय समुदायों के लिए नए उद्यमशीलता के अवसर सृजित किए जा सकें। ये पुष्प उद्यान केवल व्यावसायिक पुष्प उत्पादन के केंद्र ही नहीं हैं, अपितु किसान प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी प्रसार और कृषि-पर्यटन के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण मंच हैं। हम इस पहल को लद्दाख के युवाओं को सशक्त बनाने, कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा सतत पुष्पकृषि के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में देखते हैं। सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी. टी. ऐसी नवाचारी एवं जलवायु-अनुकूल खेती प्रौद्योगिकियों के विकास और प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है, जो हिमालयी क्षेत्र में आजीविका संवर्धन और सतत कृषि विकास में योगदान दे सकें।”

किसान प्रशिक्षण और उद्यमिता को बढ़ावा

चोगलमसर और स्तकना स्थित पुष्प उद्यानों को किसान प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी प्रदर्शन और उद्यमिता विकास के महत्वपूर्ण केंद्रों के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। वैज्ञानिक खेती की पद्धतियों को स्थानीय कृषि ज्ञान के साथ समन्वित करते हुए यह पहल प्रगतिशील किसानों और युवा उद्यमियों को व्यावसायिक पुष्पकृषि, मूल्य संवर्धन तथा पुष्प-आधारित उद्यमों में संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेगी। यह परियोजना कृषि विविधीकरण के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने तथा उच्च-ऊंचाई वाले पर्यावरण के अनुकूल नवीन खेती प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के व्यापक दृष्टिकोण का भी समर्थन करती है।

लद्दाख में कृषि-पर्यटन के नए अवसर

व्यावसायिक पुष्प उत्पादन के अतिरिक्त, इन पुष्प उद्यानों से लेह और लद्दाख में कृषि-पर्यटन के नए अवसर सृजित होने की भी संभावना है। विशाल पुष्प क्षेत्र क्षेत्र के पर्यटन आकर्षण को बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय व्यवसायों, रोजगार सृजन और ग्रामीण आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहित कर सकते हैं।
चोगलमसर और स्तकना के पुष्प क्षेत्रक इस बात की संभावनाओं को प्रदर्शित करते हैं कि पुष्पकृषि को कृषि नवाचार, पर्यटन विकास और आजीविका संवर्धन के साथ किस प्रकार जोड़ा जा सकता है तथा लद्दाख की स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकता है।

हिमालयी क्षेत्र में पुष्पकृषि को सुदृढ़ करना

सी.एस.आई.आर.-आई.एच.बी.टी. और कृषि विभाग, लेह के बीच यह सहयोगात्मक पहल उच्च-ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कृषि के रूपांतरण में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और संस्थागत साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित करती है। इन पुष्प क्षेत्रों की स्थापना लद्दाख में उच्च-मूल्यीय पुष्पकृषि के विस्तार तथा किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।