हिमाचल की मध्य पहाड़ियों में पहली बार लहलहाया ड्रैगन फ्रूट, 750 ग्राम तक के फलों की हुई पैदावार

सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, वैज्ञानिक परीक्षण सफल होने से पहाड़ी किसानों के लिए खुलेंगे कमाई के नए रास्ते

उज्ज्वल हिमाचल। पालमपुर

हिमाचल प्रदेश की मध्य पहाड़ियों में अब ड्रैगन फ्रूट की खेती का रास्ता खुल गया है। सीएसआईआर-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान (सीएसआईआर-आईएचबीटी), पालमपुर ने वैज्ञानिक परीक्षण के बाद पहली बार मध्य पहाड़ी क्षेत्र में ड्रैगन फ्रूट की सफल खेती और फसल की कटाई कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह है कि यहां उत्पादित ड्रैगन फ्रूट का वजन 750 ग्राम तक पाया गया है और फलों की गुणवत्ता भी उत्कृष्ट रही है।

अब तक ड्रैगन फ्रूट को मुख्य रूप से गर्म और मैदानी क्षेत्रों की फसल माना जाता था। लेकिन सीएसआईआर-आईएचबीटी के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव के नेतृत्व में वैज्ञानिकों की टीम ने यह साबित करने का प्रयास किया कि पहाड़ों की ठंडी जलवायु में भी इसकी खेती संभव है।

संस्थान में यह प्रयोग 10 मई 2025 को शुरू किया गया था। शुरुआत में कुछ पौधों की कलमें लगाकर वैज्ञानिकों ने खेती की संभावनाओं का अध्ययन किया। इस दौरान पहाड़ों की ठंडी रातों, सर्दियों में पड़ने वाले पाले और मानसून की भारी बारिश जैसी चुनौतियों पर विशेष नजर रखी गई। वैज्ञानिकों ने लगातार पौधों की वृद्धि, मौसम के प्रभाव और फलों की गुणवत्ता का अध्ययन किया तथा जरूरत के अनुसार खेती की तकनीक में बदलाव किए।

आखिरकार 4 नवंबर 2026 को इस प्रयोग को बड़ी सफलता मिली, जब पौधों से ड्रैगन फ्रूट की पहली फसल की कटाई की गई। फलों का आकार, रंग और गुणवत्ता बेहतर पाई गई। कुछ फलों का वजन 750 ग्राम तक पहुंचना इस प्रयोग की खास उपलब्धि रही।

किसानों के लिए खुलेंगे आय के नए रास्ते

इस सफलता से हिमाचल की मध्य पहाड़ियों में बागवानी के नए विकल्प सामने आए हैं। ड्रैगन फ्रूट कम पानी में उगने वाली और उच्च मूल्य वाली फसल है। ऐसे में छोटे और सीमांत किसान भी कम भूमि में इसकी खेती कर बेहतर आमदनी हासिल कर सकते हैं। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में जलवायु के अनुकूल खेती को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीएसआईआर-आईएचबीटी अब इस खेती की तकनीक को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगा, ताकि अधिक से अधिक किसान वैज्ञानिक मार्गदर्शन के साथ ड्रैगन फ्रूट की खेती अपना सकें। संस्थान की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश में पारंपरिक खेती के साथ नए बागवानी विकल्प विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Please share your thoughts...