उज्जवल हिमाचल। चंबा
डलहौजी में सीजन की पहली बर्फबारी होते ही पर्यटन नगरी एक बार फिर गुलजार हो उठी। पहाड़ों और देवदार के पेड़ों पर जमी बर्फ ने पूरे क्षेत्र को क्रिसमस ट्री जैसी खूबसूरत छटा में बदल दिया। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे सैलानी डैनकुंड पीक और लक्कड़ मंडी सहित ऊंचाई वाले इलाकों में पहुंचकर बर्फ का आनंद लेते नजर आए।
पहली बार बर्फ देखने वाले बच्चों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हल्की बर्फबारी के बावजूद सैलानियों का जोश देखते ही बन रहा था। बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे होटल व्यवसायियों, टैक्सी ऑपरेटरों, स्थानीय व्यापारियों और किसानों को भी लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि आने वाले दिनों में इसी तरह बर्फबारी जारी रही, तो डलहौजी क्षेत्र में सैलानियों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
संवाददाता : शैलेश शर्मा





