उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा 1 नवंबर से आयोजित किए गए अंतर महाविद्यालय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नगरपरिषद मैदान कांगड़ा में डीएवी कॉलेज कांगड़ा और पीजी सेंटर शिमला के बीच खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएवी कांगड़ा की टीम ने निर्धारित 20 आवरों में 6 विकेट के नुकसान पर शानदार 226 रन बनाए। श्याम ने 70 गेंद में ताबड़तोड़ नाबाद 134 रन बनाए। इसके अतिरिक्त अरशद ने 31 और लोकेश ने 22 रनों का योगदान दिया।
शिमला की तरफ से अजीत ने 2 और राजेश ने 1 विकेट हासिल की । इस विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पीजी सेंटर शिमला की टीम 87 रनों पर ढेर हो गई। शिमला की तरफ से सिद्धांत ने 19, अजीत ने 16 और और जितेंद्र ने 12 रन बनाए। कांगड़ा की तरफ से अरशद ने 5 , लोकेश ने 3 और देवांश तथा अभिषेक ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इससे पहले खेले गए तीसरे स्थान के मैच में गवर्नमेंट कॉलेज हमीरपुर ने गवर्नमेंट कॉलेज सोलन को 45 रनों से हराया। हमीरपुर की टीम ने 10 विकेट खोकर 129 रन बनाए। अक्षय चोपड़ा ने 33 और शुभम ने 27 रन बनाए। इसके अतिरिक्त मनीष ने 16 और राहुल ठाकुर ने 15 रनों का योगदान दिया। सोलन की तरफ से हिमांशु और साइदीप ने 3-3, अक्षित ने 2 और अंकुश तथा रणधीर ने 1-1 विकेट हासिल की। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए गवर्नमेंट कॉलेज सोलन की टीम 11.1 आवरों में 84 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। अकुल ने 16 और अक्षित ने 11 रन बनाए।
हमीरपुर की तरफ से अर्पित ने 3, रवि कुमार ने 2 और अक्षय ने 1 विकेट हासिल की इस क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जीत और हार जीवन के दो पहलू हैं लेकिन सबसे महत्वपूर्ण होता है लगातार परिश्रम करते रहना। इसके साथ उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नशे से दूर रहना चाहिए। अभिभावकों को भी संदेश देते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि अपने बच्चों को नशे ओर बढ़ती मोबाइल की आदत से दूर रखने का सबसे अच्छा माध्यम है उन्हें खेल के प्रति जागरूक करना।
इस दौरान उन्होंने लंबे समय से बंद पड़ी एथलीट मीट को फिर से शुरू करवाने के लिए प्रधानाचार्य से आग्रह किया। उन्होंने बताया कि एथलीट मीट में पूरे कॉलेज के सभी बच्चे एकसाथ कईं प्रतियोगिताओं में बढ़चढकर भाग ले सकते है जिस कारण बच्चों के खेल के प्रति हुनर सामने आते है। अंत में मुख्य अतिथि ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ बलजीत सिंह पटियाल ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीएवी कॉलेज कांगड़ा शिक्षा के साथ खेलों में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता आया है। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीता है जिसके लिए सभी खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ आदित्य महाजन, जतिन कालरा, टीम मैनेजर आर्यन शर्मा, सुमित पठानिया भी बधाई के पात्र हैं जिनके कठिन परिश्रम से ही यह संभव हो सका है।
संवाददाता: अंकित वालिया





