उज्जवल हिमाचल। मंडी
हिमाचल प्रदेश की वादियों को निहारने के लिए नवी मुंबई से मनाली पहुंचे एक दंपति को उनका यह सफर जिंदगी भर का गम दे गया है। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी पंडोह के बीच स्थित 4 मील में टैक्सी पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक महिला की मौत और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना रविवार को दोपहर के समय पेश आई है। मृतक महिला की पहचान प्रिया यादव (30) पत्नी चंचल यादव निवासी नई मुंबई महाराष्ट्र और घायलों की चंचल यादव (32) पुत्र कृष्णा चंद्रा निवासी नवी मुंबई महाराष्ट्र तथा टैक्सी चालक शिव सिंह (27) पुत्र जय सिंह निवासी वसंत विहार करनाल हरियाणा के तौर पर हुई है।
मृतिका का पोस्टमार्टम जोनल अस्पताल मंडी में कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किरतपुर-मनाली फोरलेन पर एक टैक्सी कार नंबर एचआर-45ई-4591 मनाली की ओर से चंडीगढ़ जा रही थी। इसी दौरान जैसे ही गाड़ी मंडी के पंडोह के समीप स्थित 4 मील पहुंची तो अचानक से साथ लगती पहाड़ी से मलबा टैक्सी पर गिर गया। इससे मौके पर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें बैठे 3 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया है
जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी इस हादसे के लिए जिम्मेदार है। निर्माण कार्य में लगी कंपनी आज तक यहां पर सुरक्षा के नाम पर कोई भी व्यवस्था नहीं कर पाई है। बता दें इससे पहले भी मंडी-पंडोह फोरलेन हाईवे पर कई हादसे पेश आ चुके हैं जिसमें अभी तक कई लोग अपनी जान भी गंवा बैठे हैं। वहीं अब मामले में पुलिस थाना सदर ने मौके पर कार्य में लगी केएमसी कंपनी के खिलाफ लापरवाही से कार्य करने को लेकर एफआईआर दर्ज कर लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया की हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और अन्य दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस टीम मौके पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फोरलेन हाईवे पर कई जगह पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है तथा पर्यटक और स्थानीय लोग सावधानी से सफर करें।
संवादाता। उमेश भारद्वाज