उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर
आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन के प्रतिनिधि मंडल ने राजभवन शिमला में महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से भेंट की। इस अवसर पर फाउंडेशन द्वारा चलाए गए नशा विरोधी अभियान की जानकारी राज्यपाल को दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अभियान की विस्तृत रिपोर्ट और एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने किया। उन्होंने राज्यपाल महोदय को अवगत कराया कि फाउंडेशन द्वारा मई और जून में हिमाचल प्रदेश के नूरपुर क्षेत्र सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में “नशा मुक्त भारत” के उद्देश्य से एक सघन जनजागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं, अभिभावकों और ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।

राज्यपाल महोदय ने अभियान की सराहना करते हुए समाज के लिए इसे एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने इस दिशा में और प्रभावी कार्य योजना बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए और भविष्य में इस अभियान को और व्यापक रूप से लागू करने हेतु संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन समाज के विभिन्न मुद्दों पर जागरूकता और समाधान की दिशा में कार्यरत है, और आगे भी प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा। इस प्रतिनिधि मंडल में कैप्टन दलेर सिंह पठानिया, प्रेम शर्मा एवं एडवोकेट जनक राज सम्मिलित रहे।
संवाददाता : विनय महाजन





