धर्मशाला पोस्ट ऑफिस की बड़ी उपलब्धि : 100 देशों में स्पीड पोस्ट भेजकर कमाए दो करोड़

उज्ज्वल हिमाचल। धर्मशाला

पर्यटक नगरी मकलोडगंज में स्थित पोस्ट ऑफिस ने अप्रैल 2025 से लेकर जुलाई 2025 तक आस्ट्रेलिया, जापान, चाइना, कनाडा, सहित करीब 100 देशों में पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजकर करीब एक करोड़ कमाए है। देशभर में किसी भी डाकघर की यह सबसे अधिक कमाई में से एक है। प्रदेश भर में मकलोडगंज का पोस्ट ऑफिस एक मात्र डाकघर है, जिसके माध्यम से अमरीका, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, आस्ट्रेलिया, स्पेन, रशिया, यूथोपिया, कनाड़ा, जापान, चाइना, कनाडा सहित करीब सौ देशों में सबसे ज्यादा पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजी जाती है। मकलोडगंज पोस्ट ऑफिस ने मात्र चार माह में ही आस्ट्रेलिया, जापान, चाइना, कनाडा सहित करीब अन्य देशों में 923 लेटर से तीन लाख 58 हजार 109 रुपए व 5494 स्पीड पोस्ट के माध्यम से 41 लाख 39 हजार 358 रुपए और 3412 पार्सलों से 47 लाख 90 हजार 693 की कमाए की है।

ऐसे में पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष के मात्र चार महीनों में ही कमाई में बड़ा इजाफा हुआ है। डाक विभाग ने आधुनिकता और तकनीक की तरफ एक और कदम उठाते हुए विदेश में डाक भेजने की जो शुरुआत की थी, उस कारोबार का सीधा लाभ पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मकलोडगंज में पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों व लोगों को मिल पा रहा है। भारतीय डाक विभाग के मंडलीय अधीक्षक रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मकलोडगंज पोस्ट आफिस से देश-विदेश में पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजे जाते है। मकलोडगंज पोस्ट ऑफिस से भेजे गए स्पीड पोस्ट और पार्सल की हर स्तर पर चैकिंग होती है।

धर्मशाला डाक मंडल भी कमाई में पीछे नहीं

धर्मशाला डाक मंडल ने मात्र चार महीनो में देश-विदेश में एक लाख 98 हज़ार 133 पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजकर करीब दो करोड़ 61 लाख 93 हज़ार 802 रुपए कमाए। भारतीय डाक विभाग के मंडलीय अधीक्षक रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि धर्मशाला डाक मंडल के तहत आते डाकघरों ने पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजकर अप्रैल 2025 से लेकर जुलाई 2025 तक इन चार महीनो में अढ़ाई करोड़ से अधिक कमाई की। उन्होंने बताया कि चार महीनो के दौरान देश-विदेश में करीब एक लाख 98 हज़ार 133 पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजे गए।