उज्जवल हिमाचल । गगल
धर्मशाला रोड स्थित गगल चौक पर लगा एक जंग लगा और जर्जर डायरेक्शन बोर्ड राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि बोर्ड की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
यह बोर्ड गग्गल एयरपोर्ट सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों की दिशा बताने का काम करता है। रोजाना इस व्यस्त जंक्शन से हजारों वाहन, पर्यटकों की गाड़ियां और स्थानीय लोग गुजरते हैं। ऐसे में बोर्ड का असुरक्षित होना चिंता का विषय बन गया है। लोगों के अनुसार हल्की हवा चलने पर भी बोर्ड तेज़ी से हिलने लगता है, जिससे इसके गिरने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार, अतुल तुली, अंकु, सोनू, हरनेक, जगत राम और अनिल ने बताया कि बोर्ड को सहारा देने वाले लोहे के पाइप लंबे समय से जंग लगने के कारण कमजोर हो चुके हैं। कई हिस्सों में पाइप लगभग गल चुके हैं और आधे से अधिक कट चुके हैं। उनका कहना है कि बरसात और तेज़ हवाओं के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से मांग की है कि जर्जर बोर्ड को तत्काल हटाकर उसकी जगह नया और सुरक्षित दिशा-सूचक बोर्ड लगाया जाए।
लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते कदम उठाना ही समझदारी होगी।
संवाददाता: तेजस्वी चौधरी





