जेपी नड्डा से मिले दिशांत कपिल, हिमाचल के पर्यटन विकास पर हुई चर्चा

उज्जवल हिमाचल । धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ के सह-संयोजक दिशांत कपिल ने आज केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दिशांत कपिल ने नड्डा के स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना और हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।

मुलाकात के दौरान हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य के साथ-साथ प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। दिशांत कपिल ने सुझाव दिया कि यदि हिमाचल प्रदेश के लिए मजबूत, समृद्ध और टिकाऊ भविष्य का निर्माण करना है तो पर्यटन को दीर्घकालिक आर्थिक प्राथमिकता के रूप में गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया जा सकता है।

दिशांत कपिल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा द्वारा उन्हें समय देने, उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुनने तथा महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और सुझाव देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नड्डा का अनुभव और उनके विचार हिमाचल प्रदेश के विकास को लेकर उनके भविष्य के प्रयासों और सोच को नई दिशा देने में निश्चित रूप से सहायक होंगे।

Please share your thoughts...