उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
सेवा भारती जिला कांगड़ा द्वारा सोमवार को कांगड़ा में दानदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के अनेक गणमान्य दानदाताओं, समाजसेवियों एवं सेवा कार्यों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का स्वागत एवं मंच संचालन जिला सचिव सुमन सैनी ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता सेवा भारती हिमाचल प्रदेश के प्रांत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जोगिंदर राणा ने जिले में संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दानदाताओं के सहयोग से डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा में प्रतिदिन सुबह चाय सेवा तथा शाम को लंगर सेवा निरंतर संचालित की जा रही है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रांत अध्यक्ष के मार्गदर्शन में इस वर्ष कांगड़ा में फिजियोथेरेपी केंद्र की शुरुआत की गई है, जहां प्रतिमाह 100 से 115 मरीजों को निशुल्क उपचार एवं परामर्श प्रदान किया जा रहा है। राणा ने कहा कि सेवा भारती द्वारा इसी वर्ष वैभवश्री केंद्र तथा किशोरी विकास केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए समाज के सहयोग की आवश्यकता है।
प्रांत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने सेवा भारती के उद्देश्यों तथा हिमाचल प्रदेश में संचालित विभिन्न सेवा परियोजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कांगड़ा स्थित फिजियोथेरेपी केंद्र के आधुनिकीकरण पर बल देते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के समापन पर विभाग सेवा प्रमुख ओम प्रकाश शर्मा ने उपस्थित दानदाताओं एवं समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने सम्मेलन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।





