उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
डी.वाई. पाटिल स्कूल थानपुरी में रविवार को जिला स्तरीय मतसोगी-डू कम ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कोरियाई मार्शल आर्ट ताइक्वांडो अपनी तेज किक और आत्मरक्षा तकनीकों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल, डीएवी स्कूल, स्टेनफोर्ड स्कूल, डी.वाई. पाटिल स्कूल, पीनेकल वर्ल्ड स्कूल और आर्मी स्कूल सहित छह शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांगड़ा पुलिस थाना के एसएचओ संजीव शर्मा रहे। प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि डी.वाई. पाटिल स्कूल की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्वर्णिम भारत समाज कल्याण फाउंडेशन की जिला अध्यक्ष आशा कौशल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था द्वारा इन दिनों अजयकाल शरण कॉलेज, घुरकाड़ी में “कैंडल मुक्त अभियान” के तहत लगभग 150 छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्य कोच विजय डोगरा छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखा रहे हैं, ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम बन सकें।
प्रतियोगिता के मुख्य संचालक एवं ताइक्वांडो कोच विजय डोगरा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मुख्य अतिथि एसएचओ संजीव शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी स्कूलों में इस प्रकार की कोचिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि विशेष रूप से छात्राएं आत्मरक्षा के गुर सीखकर आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
संवाददाता : सुदेश सिहाेंत्रा





