द्रोणाचार्य कॉलेज रैत में छात्रों ने दिखाया तकनीकी हुनर, द्रोणा टेक हैकथॉन में 16 टीमों ने लिया हिस्सा

विभिन्न महाविद्यालयों की 16 टीमों ने लिया भाग

उज्जवल हिमाचल । शाहपुर

द्रोणाचार्य स्नातकोत्तर शिक्षण महाविद्यालय रैत में क्रिएटिविन टेक्नोलॉजी, चंडीगढ़ के सौजन्य से ‘द्रोणा टेक हैकथॉन-2026’ का आयोजन किया गया। तकनीकी एवं नवाचार आधारित इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के बीसीए विभागों की कुल 16 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान क्षमता तथा नए तकनीकी समाधानों को विकसित करने की क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कंपनी निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि द्रोणाचार्य महाविद्यालय में पहली बार हैकथॉन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उनकी तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता और प्रैक्टिकल स्किल्स को विकसित करना है। हैकथॉन विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं पर तकनीकी समाधान तैयार करने तथा टीम के रूप में कार्य करने का अवसर प्रदान करता है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी विषयों पर अपनी परियोजनाएं एवं समाधान प्रस्तुत किए। प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन उनके तकनीकी ज्ञान, समस्या के समाधान की क्षमता, नवाचार, प्रस्तुति तथा टीमवर्क सहित विभिन्न पहलुओं के आधार पर किया गया।प्रतियोगिता के परिणामों में राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्रोणाचार्य महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही, जबकि राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां की एक अन्य टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं द्रोणाचार्य महाविद्यालय के बीसीए प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की टीम चौथे स्थान पर रही।प्रतियोगिता में विजेता टीमों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक गंधर्व सिंह पठानिया तथा प्राचार्य डॉ. प्रवीण शर्मा की मौजूदगी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 10,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को 5,000 रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 2,500 रुपये तथा चौथे स्थान पर रही टीम को 1,000 रुपये के चेक प्रदान किए गए।इस अवसर पर महाविद्यालय के बीसीए विभागाध्यक्ष राजेश राणा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय में समय-समय पर विभिन्न प्रकार की तकनीकी, शैक्षणिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि हैकथॉन जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नई तकनीकों को समझने और उनका व्यावहारिक उपयोग करने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए इस प्रकार के नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। आयोजकों ने प्रतियोगिता में सहयोग देने के लिए क्रिएटिविन टेक्नोलॉजी, चंडीगढ़ का आभार व्यक्त किया।

Please share your thoughts...