उज्जवल हिमाचल|बिलासपुर
जिला बिलासपुर के घुमारवीं थाने की पुलिस टीम ने फोरलेन टोल प्लाजा बलोह के पास नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की टैक्सी में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस को शक हुआ तो वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें से 20.6 ग्राम एमडीएमए क्रिस्टल ड्रग और 225 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए युवकों का नाम असीम और शिवम नरूला है, दोनों मुक्तसर, पंजाब के निवासी हैं।
पुलिस जांच में पता चला कि यह ड्रग कुल्लू जिले के कसोहल क्षेत्र में आयोजित होने वाली रेव पार्टी के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वे पदार्थ कहाँ से लाए और किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे। एमडीएमए एक शक्तिशाली और खतरनाक सिंथेटिक ड्रग है, जिसे आम तौर पर एक्स्टसी या मॉली कहा जाता है।
इसका सेवन अवैध है और स्वास्थ्य के लिए काफी नुक़सानदायक हो सकता है। यह खेप लगभग दो लाख रुपए की आंकी जा रही है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि नशा तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सवांददाता: सुरेंद्र जम्वाल ।





