आपसी रंजिश में युवक ने साथियों पर स्कॉर्पियो चढ़ाई: एक की मौत, दो गंभीर घायल

उज्जवल हिमाचल।सिरमौर

सिरमौर जिले के केदारपुर में देहरादून-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-7) पर बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक युवक ने आपसी रंजिश के चलते अपने तीन परिचितों पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ा दी। हादसे में 35 वर्षीय अशरफ, निवासी कलेसर (हरियाणा) की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का उपचार सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक अशरफ और आरोपी खुर्शीद, दोनों ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। कुछ दिन पहले कलेसर में इन दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई थी, जिसके बाद से दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। दो बार चढ़ाई गाड़ी, रोकने आए दोस्तों को भी मारी टक्कर घायल अमजद (28) और इसरार (19), दोनों निवासी कलेसर, ने पुलिस को बताया कि शाम के समय अशरफ बाइक से पांवटा साहिब जा रहा था। केदारपुर के पास जब वह बाइक से उतरकर अपनी गाड़ी में बैठने लगा, तभी पीछे से खुर्शीद ने तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो से उसे टक्कर मारी। अशरफ के ज़मीन पर गिरते ही आरोपी ने दो से तीन बार गाड़ी चढ़ाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अमजद और इसरार को भी आरोपी ने गाड़ी से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से अशरफ को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए यमुनानगर रैफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।