शिमला मिर्च खाएं, मोटापा दूर भगाएं

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
हमारे किचन में ऐसी कई चीजें मौजूद होती हैं, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए काफ लाभप्रद हैं। इन्हीं में से एक है शिमला मिर्च। शिमला मिर्च एक पौष्टिक आहार होने के साथ साथ त्वचा के लिए अमृत के समान है। अगर हम शिमला मिर्च का इस्तेमाल अपने दैनिक जीवन में करते हैं तो कई बीमारियों से बच सकते हैं।

इम्युनिटी बढ़ाती है शिमला मिर्च

शिमला मिर्च आसानी से मिलने वाली सब्जी है। यह हरी, लाल व पीले रंग की होती है। इसका प्रयोग आमतौर पर खाने को आकर्षक बनाने में किया जाता है। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए भी बहुत लाभकारी है। इसमें विटामिन ए, सी, फ्लेवोनॉइड्स, अल्कलाइड्स और टैनिंस जैसे लाभकारी तत्व मिलते हैं। वहीं यह हमारी इम्युनिटी बढ़ाने में भी काफी मदद करती है। इसके अतिरिक्त इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी, एनलजेस्टिक और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तत्व भी मौजूद होते हैं, जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने का काम करते हैं। इसमें मौजूद विटामिन सी हमारे शरीर के प्रतिरक्षा तंत्र को भी मजबूत करती है।

मोटापा भी करती है कम

मोटापे से जूझ रहे व्यक्तियों के लिए शिमला मिर्च का सेवन काफी लाभकारी होता है। दरअसल शिमला मिर्च में काफी कम मात्रा में कैलोरी होती है। इसके सेवन से शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। इससे मोटापा तो कम होता ही है साथ ही इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है।

दिल के लिए भी है बहुत फायदेमंद

शिमला मिर्च में फ्लेवोनॉइड्स पाए जाते है, जो कि हृदय के लिए काफी फायदेमंद होते है। ये तत्व दिल के रोगों को हमसे दूर रखते है। इसके अलावा इसके सेवन से हमारे शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर तरीके से होती है। शिमला मिर्च चेहरे पर आने वाले पिंपल्स को रोकने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें विटामिन ए होता है, जो आंखों के लिए अच्छा होता है। यह आंखों की बीमारियों को रोकने में मदद करता है।