शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा करवा रहे डीएलएड काउंसिलिंंग को आए बच्चों को लंच, यह शानदार कदम : बलवीर चंदेल

शिक्षा बोर्ड के इतिहास में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने किया ऐसा प्रयास

उज्ज्वल हिमाचल। धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा ने अपनी अनूठी पहल से पूरे हिमाचल का दिल जीत लिया है। डॉ. राजेश शर्मा अपने खर्च से उन छात्रों को लंच करवा रहे हैं, जो डीएलएड की काउंसिलिंग के लिए पहुंच रहे हैं। यह एक शानदार पहल है। यह बात शिक्षा बोर्ड कर्मचारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष बलवीर चंदेल ने मंगलवार को धर्मशाला में जारी बयान में कही।

बलवीर चंदेल ने कहा कि समूचे हिमाचल से जेबीटी काउंसिलिंग के लिए छात्र आ रहे हैं। ये छात्र किन्नौर, शिमला, लाहुल, पांगी आदि दूरवर्ती इलाकों से भी हैं। इन्हें सुबह से शाम तक बोर्ड परिसर में रहना पड़ रहा है। इन छात्रों का दर्द समझते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने इनके लिए लंच व चायपान का इंतजाम किया है। डॉ. राजेश शर्मा ने काउंसिलिंग में शामिल कर्मचारियों को भी हिदायत दी है कि छात्रों को हर सुविधा मिले।

आखिर यही बच्चे तो हमारे देश के भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिएं। शिक्षा बोर्ड कर्मचारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष बलवीर चंदेल ने कहा कि इससे पहले भी कार्यभार संभालते ही डॉ. राजेश शर्मा ने अनूठी पहल की थी। उस समय उन्होंने शिक्षा बोर्ड में काम करवाने के लिए आने वाले लोगों के लिए लंच और चायपान का प्रावधान किया था। यह सब उन्होंने अपने खर्च से किया है। पूरे प्रदेश से लोग धर्मशाला आते हैं। ऐसे में शिक्षा बोर्ड के इतिहास में पहली बार किसी चेयरमैन ने ऐसा शानदार कदम उठाया है।