उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जमानाबाद में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के सहयोग से शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के शैक्षिक और बौद्धिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। संवाद की शुरुआत स्कूल के एंटी ड्रग क्लब के नोडल अधिकारी द्वारा नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता सत्र से हुई, जिसमें अभिभावकों को बच्चों को नशे से दूर रखने के उपाय बताए गए।
इसके बाद साइबर क्राइम जैसे गंभीर विषय पर सूचना प्रौद्योगिकी के प्राध्यापक ने अभिभावकों के साथ विचार साझा किए और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानियां समझाईं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसने बच्चों के शारीरिक विकास और स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर जानकारी दी। साथ ही एसएमसी सदस्यों को विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य एकता गौतम ने की। उन्होंने अभिभावकों को स्कूल की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए सहयोग की अपील की। कार्यक्रम का सफल संचालन एसएमसी के प्राध्यापक सचिव विजय कुमार शर्मा की देखरेख में किया गया। अंत में सभी सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
संवाददाता: अंकित वालिया





