निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए एचपीयू के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार

केंद्र के सहयोग से हिमाचल के विकास को आगे ले जाना रहेगी प्राथमिकता

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए प्रो. सिकन्दर कुमार निर्विरोध सांसद चुन लिए गए हैं। विधान सभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में विधान सभा सचिव (रिटर्निंग अधिकारी) ने सिकंदर कुमार को राज्यसभा के लिए सांसद चुने जाने का सर्टिफिकेट सौंपा। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रो सिकंदर कुमार को राजनीतिक पारी के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि सिकंदर कुमार राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के मुद्दों को उठाने में कामयाब होंगे।

जिससे प्रदेश के विकास को और अधिक बल मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में सिकन्दर कुमार का प्रदेश में अहम योगदान रहा है और अब राजनीतिक जीवन में भी वे प्रदेश की सेवा करेंगे। मुख्यमंत्री ने सिकंदर कुमार के निर्विरोध चुने जाने में कांग्रेस पार्टी के सहयोग का आभार प्रकट किया।

वहीं राज्यसभा सांसद बने सिकन्दर कुमार ने नई जिम्मेदारी के लिए भाजपा हाईकमान और प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ साथ कांग्रेस का भी आभार जताया और कहा कि प्रदेश के विकास को और अधिक गति देने के लिए राज्यसभा में प्रदेश की आवाज बुलंद करेंगे। प्रदेश का आर्थिक विकास,शिक्षा के क्षेत्र में और सुधार, बेरोजगारों को रोजगार दिलाने और खेल को आगे बढ़ाना प्राथमिकता रहेगा। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज, मुख्य्मंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।