बिजली बोर्ड कर्मचारियों का बड़ा ऐलान, 2 सितंबर को विधानसभा के बाहर होगा जोरदार धरना-प्रदर्शन

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

एचपीएसईबी एम्प्लॉयज यूनियन ने 2 सितंबर को विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यूनियन का आरोप है कि बिजली बोर्ड प्रबंधन कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को हल करने में पूरी तरह विफल रहा है।

यूनियन की जनरल हाउस मीटिंग बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष नितिश भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष नितिश भारद्वाज ने बताया कि बार-बार प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इसी के चलते यूनियन ने प्रबंधन को नोटिस जारी किया था, जिसकी अवधि 26 अगस्त को समाप्त हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रबंधन की ओर से मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने के चलते यूनियन ने 22 अगस्त को आपातकालीन बैठक कर यह फैसला लिया है कि 2 सितंबर को विधानसभा सत्र के दौरान बोर्ड कर्मियों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की संपूर्ण जिम्मेदारी एचपीएसईबीएल प्रबंधन की होगी।

प्रदेशाध्यक्ष नितिश भारद्वाज ने बताया कि यूनियन ने 10 मुख्य मांगों के शीघ्र समाधान के लिए नोटिस दिया है। इसमें 15 मई 2003 के बाद नियुक्त सभी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली, 15 अक्टूबर 2025 को होटल पीटरहॉफ शिमला में आयोजित 18वें राज्य सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को तुरंत लागू करना, पदोन्नति शक्तियों का पुनः प्रत्यायोजन, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नौकरी सुरक्षा नीति बनाना, अनुबंध सेवा को सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय अनुसार अर्हक सेवा में गिनना, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देय लाभों के लिए समयबद्ध तंत्र बनाना, आरडीएसएस योजना के तहत स्मार्ट मीटर की समीक्षा, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती शुरू करना, 2023 के आरएंडपी नियम संशोधन से प्रभावित गैर-आईटीआई टी/मेट्स और एएलएम को एकमुश्त पदोन्नति देना और दूरदराज इकाइयों में एएलएम के पद बढ़ाना शामिल है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने इस प्रस्तावित धरने के लिए बिजली बोर्ड की ज्वाइंट एक्शन कमेटी के कनवीनर हीरा लाल वर्मा से भी समर्थन मांगा है।

इस मौके पर संयुक्त सचिव संजीव ठाकुर, राज्य उप-प्रधान विनोद कुमार, मुकेश बधान, दरवारी लाल, कुलदीप चंद, कांगड़ा यूनिट के प्रधान आशीष कटोच, सचिव पंकज कुमार, संगठन सचिव आशीष धीमान, जोनल सचिव दिनेश शर्मा, सलाहकार सोनू, वरिष्ठ उप-प्रधान सुरजीत सिंह, संयुक्त सचिव पुनीत कुमार, देवदत्त, प्रेस सचिव विनोद कुमार और पेंशन फोरम कांगड़ा के प्रधान जोगिंदर सिंह, सचिव राकेश सिन्हा सहित कई इंजीनियर, कर्मचारी और पेंशनर मौजूद रहे।

संवाददाता: अंकित वालिया