दुनिया के सबसे रईस लोगों में एलन मस्क दूसरे नंबर पर

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर लोगों की फोर्ब्स की सूची में दूसरे स्थान पर फिसल गए हैं। टेस्ला के शेयर में सोमवार को आठ फीसद की गिरावट से मस्क की संपत्ति में एक दिन में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। इस वजह से कुछ समय तक फोर्ब्स की ‘Real Time Billionaires’ लिस्ट में शीर्ष पर रहने के बाद वह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इस लिस्ट के मुताबिक टेस्ला के एलन मस्क की संपत्ति 13.5 बिलियन डॉलर या 7.10 फीसद की कमी के साथ 176.2 बिलियन डॉलर पर रह गई। वहीं, अमेजन के जेफ बेजोस की संपत्ति 3.6 बिलियन डॉलर की गिरावट के साथ 182.1 बिलियन डॉलर पर रही। वह इस लिस्ट में एक बार फिर से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस सूची में बर्नार्ड अर्नाल्ट एंड फैमिली तीसरे स्थान पर है। अर्नाल्ट एंड फैमिली के पास 154.6 बिलियन डॉलर की प्रोपर्टी है। इस तरह देखा जाए तो मस्क और अर्नाल्ट एंड फैमिली के बीच संपत्ति का फासला करीब 22 बिलियन डॉलर का है। इस सूची में माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स 121.4 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। वहीं, फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में 3.9 बिलियन डॉलर की कमी आई है और वह 94 बिलियन डॉलर की सूची के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

चीन के वाटर किंग के रूप में प्रसिद्ध जोंग शानशान की संपत्ति 93.2 बिलियन डॉलर पर है। दुनिया के सबसे ज्यादा रईस लोगों की सूची में वह छठे स्थान पर हैं। वहीं, अमेरिका के वारेन बफे 88.1 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ सातवें स्थान पर हैं। अमेरिका के लैरी एलिसन 88 बिलियन डॉलर के साथ आठवें स्थान पर हैं। लैरी पेज 77.6 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ नौवें स्थान पर हैं। वहीं, सर्गेई ब्रिन 75.4 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 10वें स्थान पर रहे। भारत के सबसे रईस शख्स मुकेश अंबानी 74.4 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ 12वें पायदान पर हैं। माइक्रोसॉफ्ट के स्टीव बालमर 73.8 बिलियन डॉलर की कुल प्रोपर्टी के साथ 13वें पायदान पर हैं।