उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर
राज्य कर एवं आबकारी विभाग द्वारा राजस्व जिला नूरपुर में जीएसटी अनुपालन और राजस्व वृद्धि विषय पर जसूर के समीप बोड़ स्तिथ मैपल फार्म में सुबह एक गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तर जीएसटी जोन पालमपुर राकेश भारतीय विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अभियान के तहत मुख्य रूप से जीएसटी इनवॉइसिंग के प्रति जागरूकता, “जागो ग्राहक जागो” पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की जानकारी, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जीएसटीआईएन का अनिवार्य प्रदर्शन, जीएसटी रिटर्न की नियमित फाइलिंग तथा 50,000 से अधिक के माल के लिए ई-वे बिल का समय पर निर्माण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

नूरपुर व्यापार मंडल प्रधान अश्विनी सूरी व जसूर व्यापार मंडल के प्रधान राजू महाजन, सहित नूरपुर व जसूर के व्यापारी,अकाउंटेंट, सीए सहित अनेक लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जीएसटी सम्बंधित समस्याओं की चर्चा व निदान के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। वही विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर जीएसटी नियमों का पालन करने की अपील की ताकि प्रदेश में राजस्व संग्रह को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।





