कांगड़ा : बिना लाइसेंस के सप्लाई की जा रही दवाइयों की फैक्ट्री सील

उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर

नूरपुर क्षेत्र के लोधवां में ड्रग लाइसेंस विभाग द्वारा एक फैक्ट्री में दबिश दी गईं। विभाग द्वारा मौके पर 23 हजार इंजेक्शन बिना लाइसेंस के पाए जाने पर उक्त दवा फैक्ट्री को सील कर दिया। नूरपुर में तैनात विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर प्यार चंद ठाकुर ने बताया कि उक्त फैक्ट्री में अचानक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री का लाइसेंस दिसंबर 2024 में निरस्त किया जा चुका था। जिस पर विभाग ने कंपनी को चेतावनी दी थी कि आप आगे किसी भी दवा का निर्माण नही करेंगे। बाबजूद इसके कंपनी संचालक चोरी छिपे यह दवाइयां बना रहे थे।

जिसके चलते निरीक्षण के दौरान दवाइयां बनाए जाने पर उक्त फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और ड्रग व कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में यह चर्चा का विषय है पंजाब हिमाचल सीमा पर स्थित लोधवा में यह फैक्ट्री किस प्रकार बिना लाइसेंस के ऐसे इंजेक्शन बनाती रही। और इन इंजेक्शनो की बिक्री कहां-कहां पर अवैध तौर पर करती रही ये यह गोपनीय विषय है।

संवाददाता : विनय महाजन