दो दिन की तलाश खत्म, कांगड़ा में सकुशल मिला फरीदाबाद का लापता युवक

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा से दो दिन पहले लापता हुआ हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय युवक कुलदीप आखिरकार सकुशल मिल गया है। युवक कांगड़ा के समीरपुर गांव में मिला, जहां स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों की मदद से उसकी पहचान हो सकी।

जानकारी के अनुसार, समीरपुर गांव के लोगों ने युवक को अपने गांव में देखा। सोशल मीडिया और वेब न्यूज़ चैनलों पर प्रकाशित खबरें देखने के बाद उन्होंने तुरंत युवक के परिजनों से संपर्क किया और इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10 बजे युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि फरीदाबाद निवासी कुलदीप अपने परिवार के साथ मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने कांगड़ा आया था। दर्शन के बाद वह परिजनों से बिछड़ गया था। परिजनों के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी, जिसके कारण वह अनजाने में दूसरी दिशा में चला गया था।

पिछले दो दिनों से कांगड़ा पुलिस लगातार युवक की तलाश में जुटी रही। वहीं सोशल मीडिया और वेब न्यूज़ चैनलों के माध्यम से युवक की जानकारी व्यापक रूप से साझा की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।

युवक के सकुशल मिलने पर उसके परिजनों ने कांगड़ा पुलिस, समीरपुर गांव के जागरूक ग्रामीणों तथा खबर को साझा करने वाले सभी वेब मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का आभार व्यक्त किया।

Please share your thoughts...