उज्जवल हिमाचल । नूरपुर
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह वारदात जिला पुलिस नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना फतेहपुर क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार 25 जनवरी की रात 112 पुलिस हेल्पलाइन पर इंद्र बाला, निवासी तुहाड़ पंचायत (हटली) ने अपने पति द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई थी। सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
इसी दौरान शिकायतकर्ता महिला का पति बुद्धि सिंह अचानक मौके पर पहुंचा और जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन हमले के दौरान कुल्हाड़ी एएसआई इंद्र सिंह के सिर पर लग गई, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
मौके पर मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस कर्मियों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
संवाददाता: विनय महाजन





