उज्जवल हिमाचल।नूरपुर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने फतेहपुर विधानसभा सीट को लेकर भाजपा की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फतेहपुर इस बार भाजपा के विशेष फोकस में है और यहां जीत सुनिश्चित करना पार्टी का प्राथमिक लक्ष्य है। जयराम ठाकुर ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों जोर-शोर से गूंज रहे ‘धरती पुत्र’ के नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि उम्मीदवार का चयन स्थानीय परिस्थितियों, सामाजिक समीकरणों और जमीनी हकीकत को ध्यान में रखकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फतेहपुर की वर्तमान परिस्थितियों और राजनीतिक परिदृश्य का गहन मूल्यांकन करने के बाद ही पार्टी उम्मीदवार और आगे की रणनीति को लेकर अंतिम फैसला लेगी।
उन्होंने दोहराया कि भाजपा की रणनीति पूरी सोच-समझ और गहन विश्लेषण के आधार पर बनाई जा रही है। भाजपा हमेशा ठोस और जीत सुनिश्चित करने वाली योजना के साथ चुनाव मैदान में उतरती है। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि किसी भी सीट पर उम्मीदवार कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है, लेकिन पार्टी का लक्ष्य स्पष्ट है कि प्रदेश के साथ-साथ फतेहपुर में भी भाजपा विजय हासिल करे और ‘धरती पुत्र’ की भावना का पूरा सम्मान किया जाएगा। उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के इस सियासी बयान के बाद फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में ‘धरती पुत्र’ का नारा लगाने वालों में खुशी का माहौल देखा गया।
संवाददाता:विनय महाजन





