फतेहपुर निवासी परिवार ने डॉक्टरों पर लगाया अपने बच्चे के कत्ल का आरोप

Fatehpur resident family accused doctors of killing their child
फतेहपुर निवासी परिवार ने डॉक्टरों पर लगाया अपने बच्चे के कत्ल का आरोप

नूरपुरः सिविल अस्पताल पठानकोट एक बार फिर सुर्खियों में है। गर्भवती महिला को सिविल अस्पताल से आधी रात रैफर करने से बच्चे की मौत हो गई। जबकि, निजी अस्पताल में प्रसूता मौत से जंग लड़ रही है। परिवार ने नवजात की मौत के लिए अस्पताल के डॉक्टरों को जिम्मेदार ठहराया है।

मृतक बच्चे के पिता का कहना है कि डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही नहीं बल्कि बच्चे के कत्ल का मामला दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल कार्यकारी एसएमओ ने परिवार की लिखित शिकायत के बाद पैनल गठित कर जांच करवाने का आश्वासन दिया है। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा, फतेहपुर निवासी निर्मल सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी का ईलाज सिविल अस्पताल पठानकोट से चल रहा था।

उन्होंने प्रसव के लिए 18 नवंबर को बुलाया था। लेकिन, स्टाफ ने उन्हें 20 नवंबर को आने को कहा। निर्मल ने बताया कि वह 20 नवंबर को सुबह 9 बजे सिविल अस्पताल पहुंचे। पूरा दिन अस्पताल स्टाफ जल्द प्रसव होने की बात कहता रहा। स्टाफ ने कपड़े तक खरीदने के लिए कह दिया। लेकिन, रात डेढ़ बजे के करीब स्टाफ और डॉक्टर ने यह कहकर रैफर कर दिया कि किसी अन्य अस्पताल में ले जाओ।

यह भी पढ़ेंः स्वच्छ भारत मिशन के तहत हमीरपुर ने हासिल किया देश भर में तीसरा और प्रदेश में प्रथम स्थान

निर्मल ने कहा कि वह रात को कई अस्पतालों में भटकते रहे। 2-3 अस्पतालों से जवाब मिलने के बाद मिशन रोड स्थित अस्पताल में पत्नी को भर्ती करवाया तो डॉक्टर ने कहा कि बच्चे की मौत हो चुकी है। निर्मल ने बताया कि उसकी पत्नी अभी भी निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मौत से जंग लड़ रही है।

निर्मल का आरोप है कि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की बदौलत उनके बेटे की मौत हुई और पत्नी की हालत खराब हुई है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार स्टाफ और डॉक्टर पर कत्ल का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। ताकि, किसी अन्य परिवार को इस तरह का दुःख न देखना पड़े।

जिसके बाद परिवार ने अस्पताल प्रबंधन को लिखित शिकायत दी। वहीं, कार्यकारी एमएसओ डॉ. सुनील चंद ने कहा कि परिवार की शिकायत मिली है। उन्होंने जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच के लिए डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। जांच के बाद उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाताः विनय महाजन

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।