मंडी के गोहर में गोलीकांड, दो की मौत, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

उमेश भारद्वाज/ संजीव शर्मा। गोहर

मंडी जिला के गोहर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बाल्हड़ी में गोलीकांड के कारण दो लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार दो लोग या तो खेतों की रखवाली कर रहे थे या फिर शिकार करने गए थे। एक से गलती से दूसरे पर गोली चल गई और उसकी मौत हो गई। इससे घबराए दूसरे शख्स ने खुद को भी गोली मार दी। सारा घटनाक्रम बाल्हड़ी पंचायत के तहत आने वाले डुगांस गांव का है।

घटना सोमवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। मरने वालों में 36 वर्षीय विशन लाल पुत्र खेम सिंह गांव सोमनाचन तहसील बालीचौकी और 45 वर्षीय रामकृष्ण पुत्र सरण दास गांव डली ग्राम पंचायत बाल्हड़ी शामिल हैं। जो जानकारी मिली है उसके अनुसार विशन लाल यहां अपने रिश्तेदारों के पास आया हुआ था।

गोलीकांड की जानकारी मिलते ही एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री खुद घटनास्थल पर पहुंची हैं। वहीं गोहर थाना की टीम ने भी मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने गोलीकांड की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी जांच जारी है और जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।