ग्राम पंचायत खोली की पहली ग्राम सभा में उमड़ा जनसैलाब, 350 ग्रामीणों ने रखी समस्याएं

प्रधान कुलवंत चौधरी ने कहा, आपने प्रधान नहीं बेटा चुना है, हर समस्या का होगा समय पर समाधान

उज्ज्वल हिमाचल । कांगड़ा

ग्राम पंचायत खोली में नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा का आयोजन बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सभा में लगभग 350 ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। गांव के विकास और जनसमस्याओं को लेकर हुई इस बैठक में ग्रामीणों का जोश देखने लायक था।

ग्राम सभा की अध्यक्षता कर रहे पंचायत प्रधान कुलवंत चौधरी के समक्ष ग्रामीणों ने गांव की सड़क, पेयजल, बिजली, सफाई और मनरेगा से जुड़ी कई समस्याएं रखीं। महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने की मांग भी उठाई। युवाओं ने खेल मैदान और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।

समस्याएं सुनने के बाद प्रधान कुलवंत चौधरी ने सभी को आश्वस्त किया कि हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा, “आपने मुझे प्रधान नहीं, अपना बेटा चुना है। इसलिए गांव की हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए आप कभी भी मेरे पास आ सकते हैं। मेरा दरवाजा आपके लिए 24 घंटे खुला है।”

प्रधान ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। ग्राम सभा में लिए गए सभी प्रस्तावों को जल्द ही खंड विकास अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा ताकि जरूरी धनराशि उपलब्ध हो सके।

ग्राम सभा में पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव और बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पहली ही सभा में प्रधान के सकारात्मक रवैये की सराहना की और कहा कि उनको अपने गांव के विकास की नई उम्मीद जगी है।