नगरोटा बगवां में पांच दिवसीय संस्कार वर्ग व्यक्तित्व विकास शिविर का सफल समापन

उज्जवल हिमाचल । नगरोटा बगवां

रेनबो इंटरनेशनल स्कूल, नगरोटा बगवां में विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी द्वारा आयोजित पांच दिवसीय संस्कार वर्ग एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में नगरोटा बगवां की एसडीएम श्रीमती पूजा अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए आत्म-खोज, सीख और समर्पण की प्रेरणादायक यात्रा रहा। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग जागरूक, अनुशासित और संस्कारित होगा तो देश का भविष्य भी मजबूत होगा।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों, संवादों और प्रेरक सत्रों ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें सही दिशा देने की प्रेरणा दी। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि सच्ची प्रेरणा बाहर नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर होती है।

मुख्य अतिथि एसडीएम पूजा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संस्थानों का उद्देश्य एक ही है—एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण। जब व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होगा, तभी राष्ट्र भी सशक्त बनेगा।

इस अवसर पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के उत्तर प्रांत के संचालक डॉ. अशोक रैना ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की सबसे छोटी इकाई परिवार है और बच्चों में अनुशासन, संस्कार तथा नैतिक मूल्यों का विकास परिवार से ही शुरू होता है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में नैतिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। विवेकानंद केंद्र इसी उद्देश्य के साथ बच्चों को एक जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा दे रहा है।

डॉ. अशोक रैना ने शिविर के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप और विद्यालय परिवार का आभार भी व्यक्त किया। समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य अतिथियों को शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के अलावा विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के पदाधिकारी, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Please share your thoughts...