गगल-जेवर के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू, कांगड़ा और एनसीआर के बीच सफर हुआ आसान

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच हवाई संपर्क को बड़ी मजबूती मिली है। इंडिगो एयरलाइन ने गगल हवाई अड्डे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा से यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की भीड़भाड़ और लंबी सड़क यात्रा से काफी राहत मिलेगी।

यह उड़ान सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी, जिससे कांगड़ा आने-जाने वाले पर्यटकों, कारोबारियों और स्थानीय यात्रियों को तेज़ और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। नई सेवा से कांगड़ा घाटी का राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सीधा जुड़ाव भी मजबूत होगा।

इंडिगो द्वारा जारी उड़ान कार्यक्रम के अनुसार, विमान सुबह 9:55 बजे नोएडा (जेवर) से उड़ान भरकर 11:40 बजे गगल हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। इसके बाद विमान दोपहर 12:00 बजे गगल से रवाना होकर 1:40 बजे नोएडा पहुंचेगा। दोनों स्थानों के बीच हवाई यात्रा का समय लगभग 1 घंटा 40 मिनट निर्धारित किया गया है।

पर्यटन और व्यापार के लिहाज से इस सेवा को अहम माना जा रहा है। इससे धर्मशाला, कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान होगी, वहीं यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट के ट्रैफिक और भीड़ से भी राहत मिलेगी।

संवाददाता: तेजस्वी चौधरी

Please share your thoughts...