उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
कांगड़ा में वन विभाग की टीम ने शनिवार रात्रि एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना परमिट लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक बाहरी राज्य में बिना परमिट लकड़ी ले जा रहा है, जिसके बाद टीम ने पुराना कांगड़ा घाट पर नाका लगाकर ट्रकों की जांच शुरू कर दी।
वन विभाग की टीम ने जब ट्रक को रोककर जांच की, तो पता चला कि ट्रक चालक के पास लकड़ी का कोई भी दस्तावेज नहीं था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग कांगड़ा के डिप्टी रेंजर मुनीष बिट्ठल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार अवैध कटान को रोकने के लिए प्रयासरत है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
आरएफओ कांगड़ा सौरभ शर्मा ने बताया कि जिला में अवैध कटान को लेकर वन विभाग सक्रिय है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और अवैध कटान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान वन विभाग की टीम में डिप्टी रेंजर मुनीष बिट्ठल, वन रक्षक वरुण, वन मित्र अभय, विशाल और संयम शामिल थे। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कटान करने वालों में हड़कंप मच गया है।





