उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिहाला गांव में कम्युनिटी हॉल व सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सीपीएस चौधरी सुरेंद्र काकू ने अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए ग्रामीणों को कम्युनिटी हॉल की सौगात दी।
इस मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र का विकास करना उनके लिए हमेशा एक चुनौती रहा, लेकिन क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद और सहयोग से कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे किए गए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हर गांव में महिला मंडल भवन, युवक मंडल भवन, बुजुर्ग भवन और कम्युनिटी हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए भी कई योजनाएं लागू की गईं।
उन्होंने बताया कि सलाढा से रिहाला, ठाकुरद्वारा से छोटी बई, बड़ी बई और गाहलियां तक सड़क का निर्माण करवाया गया। इसके अलावा गाहलियां से जटेहड़ और जटेहड़ से बलेटा नाग मंदिर तक सड़क का निर्माण किया गया। सलाढी से नरेटा, गाहलियां से पंतेहड़ कटियानी तक सड़कों का निर्माण भी कराया गया।
उन्होंने कहा कि गाहलियां, ठाकुरद्वारा और डाका पलेरा क्षेत्रों के लिए करीब पांच करोड़ रुपये की पेयजल योजना भी स्वीकृत करवाई गई। साथ ही रानीताल में जल शक्ति विभाग का सब डिवीजन खुलवाया गया और ढाका से कलोथर माता तक सड़क का निर्माण भी करवाया गया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह कार्य जारी रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।





