उज्ज्वल हिमाचल। धर्मशाला
धर्मशाला के निचले सकोह में आइस और रोलर स्केटिंग रिंक का निर्माण एडीबी के फंड से किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया जारी है। लोन एग्रीमेंट होते ही इस 40 करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। यह बात कांग्रेस प्रदेश महासचिव, पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने आज धर्मशाला हलके की जनता से वर्चुअल संवाद के दौरान कही। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुखिया सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में तेजी से प्रयास चल रहे हैं।
इस कड़ी में बीड़ में पैराग्लाइडिंग विश्व कप, बनखंडी जू, पौंग में स्वदेश दर्शन योजना, फोरलेन, स्मार्ट सिटी आदि दर्जनों प्रोजेक्टों का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इसी कड़ी में निचले सकोह में सकोह में आइस और रोलर स्केटिंग रिंक का निर्माण एडीबी के फंड से किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया जारी है। करीब 40 करोड़ का यह प्रोजैक्ट है। धर्मशाला-गगल रोड पर निचले सकोह में रिंक तक रोड व अन्य कनेक्टिविटी तय कर ली गई है। इस प्रोजेक्ट से युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। साथ ही स्मार्ट सिटी धर्मशाला में पर्यटन का नया अध्याय भी शुरू होगा। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर धर्मशाला हलके में एकसमान विकास किया जा रहा है।
कई कूहलें जाइका प्रोजेक्ट में लाई जाएंगी
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि धर्मशाला की कई कूहलें जाइका प्रोजेक्ट के दायरे में लाई जाएंगी। हाल ही में कई कूहलों का काम पूरा किया गया है। किसान बहुल एरिया में सिंचाई की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। जल्द ही कृषि व जाइका के अधिकारियों का दौरा गांवों में करवाया जाएगा।
धर्मशाला में इस बार ज्यादा गेहूं बीज
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि रबी फसलों की बिजाई का दौर है। किसानों को कृषि विभाग धर्मशाला के कार्यालय की ओर से गेहूं व अन्य बीज दिए जा रहे हैं। इस बार गेहूं बीज की ही डिमांड 1400 क्विंटल की है। यह पिछली बार से 200 क्विंटल ज्यादा है। यह सब कांग्रेस सरकार का विजन है। बीज न मिलने पर किसान उनसे बात कर सकते हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट धर्मशाला