उज्जवल हिमाचल । धर्मशाला
धर्मशाला में पूर्व मेयर देविंदर जग्गी ने प्रेस वार्ता के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे छात्रों पर पुलिस के साथ कुछ सादे कपड़ों में मौजूद लोगों द्वारा लाठियां बरसाई गईं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर वे लोग कौन थे, जो बिना वर्दी के हाथों में डंडे लेकर पुलिस के साथ मिलकर छात्रों पर हमला कर रहे थे। जग्गी ने कहा कि छात्रों की आवाज देश के प्रधानमंत्री और उनके मंत्रियों तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य सांसद प्रधानमंत्री निवास पर धरना देने पहुंचे, लेकिन उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया।
पूर्व मेयर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की खुलेआम अनदेखी कर रही है और विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। जग्गी ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह दमनकारी रवैया जारी रहा, तो आने वाले दिनों में धर्मशाला में केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
जग्गी बोले “जंतर-मंतर पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर जिस तरह से लाठीचार्ज किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन केंद्र सरकार इस अधिकार को कुचलने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।”





