उज्जवल हिमाचल । गगल
उपमंडल आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी (SDAMO) डॉ. बबिता गौतम के मार्गदर्शन में आयुष विभाग, हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत आयुष स्वास्थ्य केंद्र (AHC) गगल द्वारा आज ग्राम पंचायत गगल में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क ब्लड शुगर जांच की गई। आवश्यकता अनुसार रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया एवं उचित आहार-विहार, योग तथा रोगों की रोकथाम संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में कुल 80 लाभार्थियों ने सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 30 पुरुष, 49 महिलाएँ तथा 1 बालक जांच के लिए पहुंचे। शिविर का संचालन डॉ. सोनिया गुप्ता, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी (AMO), AHC गगल द्वारा किया गया। इस अवसर पर संगीता बिजला (APO) तथा डॉ. सुमीत कौंडल (इंटर्नी) ने शिविर के सफल संचालन एवं लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
आयुष विभाग ने आमजन से अपील की, कि वे स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए आयुर्वेद, योग तथा संतुलित जीवनशैली को अपनाएँ तथा विभाग द्वारा आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
संवाददाता: अंकित वालिया





