पुराना कांगड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 62 लोगों ने उठाया लाभ

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

सघन क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), पुराना कांगड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन डॉ. बविता के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शगुन, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता अंकिता और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी हिमानी ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया।

इस अवसर पर लोगों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच करवाने और उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को टीबी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी लक्षण की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में कुल 62 लाभार्थियों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए भी प्रेरित किया गया।