उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
पल्स मेडिसिटी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, शाहपुर की ओर से ग्राम पंचायत भड़ियाडा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्थानीय निवासियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना था। शिविर में सामान्य रोगों की जांच के साथ-साथ रक्तचाप, मधुमेह, स्त्री रोग, हड्डी रोग और बाल रोग से संबंधित परामर्श और जांच की सुविधाएँ प्रदान की गईं।
इस दौरान अनुभवी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम ने अपनी सेवाएँ दीं। कार्यक्रम में 250 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं और गंभीर मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन दिया गया। हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. रिपिन हीरा ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के हर वर्ग तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।
शिविर को सफल बनाने में ग्राम पंचायत भड़ियाडा के प्रधान रविंद्र सिंह, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मिलन कौंडल तथा आशा वर्कर मधु, समीता और सरस्वती का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।





