चंबा में राहत पहुंचाने के कार्य को अपनी टॉप प्रायोरिटी लिस्ट में डालें सरकार : बिंदल

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण प्रदेश की सडक़, जनता के घर और जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ है। मंडी, कुल्लू और सिरमौर जिला में तो नुकसान हुआ ही पर पिछले एक हफ्ते से चंबा जिला में अनेकों भूस्खलन, बादल फटने की अनेकों घटनाएं समाज ने समक्ष आई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश क्षतिग्रस्त है, मणिमहेश यात्रा से हजारों यात्री फंसे हैं।

सडक़ और फोन से संपर्क नहीं हो पा रहा है और घर वाले उनको ढूंढ रहे हैं। लेकिन चिंता का विषय यह है कि प्रदेश सरकार जिसको मंडी, कुल्लू, सिरमौर और चंबा जिला त्रासदी के दौरान दिन-रात धरातल पर काम करना चाहिए था वह कहीं दिखाई नहीं दे रही है। बिंदल ने कहा कि आज चंबा जिला की जन अपेक्षा है कि मुख्यमंत्री तुरंत चंबा आएं, अपनी पूरी टीम और सरकार को लेकर आए और काम करें। लेकिन ऐसा भी हुआ। बिंदल ने कहा कि कल रात सिरमौर ज़िला में भी अनेकों घर क्षतिग्रस्त हो गए। बड़ी संख्या में जमीन धस गई और जनता ने लोगों को बचाने का कार्य किया। इसक नुकसान की चिंता प्रदेश की सरकार की ओर से कौन कर रहा है यह बहुत बड़ा सवाल है। हम भारतीय जनता पार्टी और हमारे पार्टी के निष्ठावान सभी कार्यकर्ता सभी क्षतिग्रस्त और आपदा ग्रस्त क्षेत्र एवं जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और जिन लोगों को भारी बारिश के समय हानि हुई है उनके प्रति हम संवेदना व्यक्त करते हैं। बिंदल ने कहा कि हम प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि चंबा जिला में राहत पहुंचाने के कार्य को सरकार अपनी टॉप प्रायोरिटी लिस्ट में डालें और तुरंत फील्ड में उतरे एवं आपदा ग्रस्त जनता का सहयोग करें।