नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब को राज्यपाल ने किया सम्मानित

उज्जवल हिमाचल । नूरपुर

नूरपुर मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब ने एक और स्वर्णिम उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी रक्तदान अभियान “संवेदना-2” में शानदार प्रदर्शन के लिए क्लब को रविवार को राजभवन शिमला में हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।उल्लेखनीय है कि 23 मार्च 2025 को निफा के तत्वावधान में पूरे भारत में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया था और इस महाअभियान में नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और जनसहभागिता के दम पर पूरे देश में टॉप-10 में स्थान बनाया तथा छठा स्थान प्राप्त कर न केवल नूरपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

इस अभियान के अंतर्गत नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 305 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया था।राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह में क्लब के संरक्षक मनोज पठानिया तथा अध्यक्ष राजीव पठानिया ने महामहिम राज्यपाल के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया। समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।सम्मान प्राप्त करने के बाद क्लब के अध्यक्ष राजीव पठानिया ने कहा कि यह सम्मान नूरपुर की जागरूक युवा शक्ति, समर्पित रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और क्लब के प्रत्येक सदस्य की निस्वार्थ सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।

नूरपुर के युवाओं ने वर्षों से इस सेवा अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया है, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है।उन्होंने कहा कि इतने विशाल भारत में एक छोटे से क्षेत्र नूरपुर का राष्ट्रीय स्तर पर छठा स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान केवल नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब का नहीं, बल्कि हर उस रक्तदाता का सम्मान है जिसने बिना किसी स्वार्थ के किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए अपना रक्तदान किया। *राजीव पठानिया ने क्लब के सभी सदस्यों, रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था की जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। भविष्य में भी क्लब अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा तथा नियमित रक्तदान शिविर आयोजित कर मानव सेवा के इस पावन अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।उन्होंने कहा कि नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब का उद्देश्य केवल रक्त एकत्रित करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की ऐसी संस्कृति विकसित करना है, जिसमें किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में अपनी जान न गंवानी पड़े। यही संकल्प संस्था को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा l

संवाददाता: विनय महाजन

Please share your thoughts...